6 ग्राम हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार:पुलिस को देखकर भागा आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा; बाइक जब्त

हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को एक व्यक्ति को 6.67 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 1, गांव मुंडा निवासी रिंकू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसआई मोहर सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार को नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान शेरगढ़ से मुंडा की ओर जाने वाली सड़क पर बाइक नंबर एचआर 44 एच 3428 पर सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से बाइक मोड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर उसे रोक लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के पास एक जिपर लगे प्लास्टिक पाउच में 6.67 ग्राम हेरोइन मिली। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नशे के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि नशा कहां से लाया गया और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। मामले की जांच एसआई रामकेर को सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *