करौली में सपोटरा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्मैक तस्करी से जुड़े दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत वांछित आरोपी श्यामलाल पुत्र धूलीलाल (38) को गिरफ्तार किया गया है। वह बारां जिले के हरनावदा शाहजी थाना क्षेत्र के देवरीमुण्ढ का निवासी है। श्यामलाल करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी अभियान के तहत पुलिस ने दूसरे वांछित आरोपी घासीलाल पुत्र लक्ष्मीनारायण (58) को भी दबोच लिया। घासीलाल भी बारां जिले के हरनावदा शाहजी थाना क्षेत्र के मोतीपुरा का निवासी है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थ स्मैक के कारोबार में लिप्त थे। यह कार्रवाई थाना अधिकारी अबजीत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हनुमान मीना और उनकी टीम द्वारा की गई। टीम में कांस्टेबल मुरारी और राजेश शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।


