भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर चोरी, सरगना गिरफ्तार:210 किलो कॉपर वायर जब्त, CISF-पुलिस ने की कार्रवाई

दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरोह के सरगना और निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की रिपोर्ट के आधार पर की गई। CISF भिलाई स्टील प्लांट इकाई ने 03 फरवरी 2026 को थाना भिलाई भट्ठी को सूचना दी थी। इसमें बताया गया था कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र स्थित जलभवन के पीछे प्रोपेन प्लांट के पास से अज्ञात चोरों ने कॉपर वायर चुराया है। सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गिरोह का सरगना गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लिया। पूछताछ में संतोष ने खुलासा किया कि वह अपने साथी शत्रुघन धनकर और अन्य आरोपियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसा था। CISF जवानों ने आरोपी को पकड़ा आरोपियों ने लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर एक हुंडई सेंट्रो कार (CG-04-E-9100) में लोड किया था। वे इसे चोरी की नीयत से बाहर ले जा रहे थे, तभी CISF जवानों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने पहले ही आरोपियों के कब्जे से लगभग 1,36,500 रुपए मूल्य का 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर और घटना में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया था। संतोष निषाद को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। प्रकरण की आगे की जांच में, आरोपी संतोष निषाद की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के सरगना शत्रुघन धनकर (43 वर्ष), निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 6 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। वैधानिक कार्रवाई जारी, अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *