ब्यावर में आईओसी पाइपलाइन से तेल चोरी:चोरों ने 120 मीटर समानांतर लाइन बिछाकर की सेंधमारी

ब्यावर के सेंदड़ा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। लालपुरा घाटे के समीप चोरों ने आईओसी की पाइपलाइन में अवैध रूप से वाल्व लगाकर लगभग 120 मीटर लंबी समानांतर लाइन बिछा रखी थी। इस लाइन के जरिए लंबे समय से तेल चोरी की जा रही थी।
आईओसी की तकनीकी निगरानी प्रणाली में गड़बड़ी सामने आने के बाद कंपनी की जांच टीम मौके पर पहुंची। विस्तृत जांच के दौरान पाइपलाइन में किए गए पंचर और अवैध कनेक्शन का खुलासा हुआ। चोरी का तरीका बेहद सुनियोजित पाया गया, जिससे इसमें किसी संगठित गिरोह की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आईओसी की तकनीकी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन में किए गए पंचर को क्लैंप लगाकर ठीक करने का काम शुरू कर दिया। मौके पर मुख्य प्रचालन प्रबंधक अमित अग्रवाल, प्रबंधक शिवम शर्मा, पवन वर्मा और सीपी पारीक सहित कंपनी के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

सेंदड़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अवैध तेल चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह चोरी लंबे समय से चल रही थी। पुलिस और आईओसी प्रशासन ने कहा है कि इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *