‘हेरा फेरी 3′ एक बार फिर मुश्किल में:प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के पास राइट्स नहीं, साउथ के प्रोड्यूसर ने कोर्ट में लगाई याचिका

बॉलीवुड की प्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ फिर से सुर्खियों में आ गई है, लेकिन इस बार वजह है कानूनी झगड़ा और राइट्स विवाद। साउथ फिल्म निर्माता सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने दावा किया है कि फिल्म के राइट्स असल में उनके पास हैं, न कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के। इस बात को लेकर उन्होंने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। HTCity में छपी खबर मुताबिक, साउथ निर्माता GP विजयकुमार ने 2022 में मलयालम फिल्म रामजी राव स्पीकिंग के ओरिजिनल निर्माताओं से ’हेरा फेरी’ फ्रैंचाइजी के अधिकार खरीद लिए थे। उनका कहना है कि फिरोज नाडियाडवाला को केवल इस मूल फिल्म का एक हिंदी रीमेक बनाने की अनुमति दी गई थी, जो 2000 में रिलीज हुई। लेकिन नाडियाडवाला ने 2006 में फिर हेरा फेरी भी बना दी और अब तीसरे भाग के अधिकार तक बेच दिए हैं, जो कि उनके पास बनाने का कोई वैध अधिकार नहीं था। सेवन आर्ट्स के MD विजयकुमार के अनुसार, ‘फिर हेरा फेरी’ के समय पर किसी ने इस अधिकार उल्लंघन को पकड़ा नहीं था क्योंकि पहली फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन से उनके अच्छे रिश्ते थे। लेकिन अब जब ‘हेरा फेरी 3’ की योजना बनी, तो असल मालिकों को एहसास हुआ कि नाडियाडवाला ने सीक्वल और किरदारों का इस्तेमाल बिना अनुमति किया है। उन्होंने यह भी बताया कि नाडियाडवाला ने वही अधिकार अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस कैप ऑफ गुड फिल्म्स को बेचे, जिसके खिलाफ उन्होंने लीगल नोटिस भेजा और कोर्ट का सहारा लिया। फिरोज नाडियाडवाला और अक्षय कुमार की तरफ से अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, और डायरेक्टर प्रियदर्शन ने भी बयान देते हुए कहा है कि उन्हें इस कानूनी मामले की कोई जानकारी नहीं है। इस बीच, ‘हेरा फेरी 3’ पहले से ही परेश रावल की अस्थायी एग्जिट और वापसी के कारण भी विवादों में रहा है। अब राइट्स विवाद ने इसे और उलझा दिया है, जिससे फिल्म की रिलीज और प्रोडक्शन पर अनिश्चितता छा गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *