निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े ने दूरस्थ चंदावनी खास गांव का दौरा किया। उन्होंने गांव की प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया। प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने शौचालय में पानी की गंभीर समस्या पाई। इस पर उन्होंने ग्राम सचिव को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। शिविर में कलेक्टर को 70 शिकायत आवेदन मिले जन समस्या शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न परेशानियां रखीं। शिविर में कुल 70 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मन्नोदेवी, ब्रजमोहन लोधी, मानिकराम अहिरवार, सीताराम भार्गव और नारायण पाल जैसे ग्रामीणों की बीपीएल कार्ड और पेंशन से संबंधित शिकायतें शामिल थीं, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर बोली- हर व्यक्ति की समस्या सुनी जाएगी कलेक्टर जमुना भिड़े ने कहा कि यह उनकी इस गांव की पहली यात्रा है। उन्होंने स्वीकार किया कि जिले की सीमा पर स्थित होने और अधिक दूरी के कारण यहां आना कम हो पाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर व्यक्ति की समस्या सुनी जाएगी और उसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को सीमावर्ती और दूरस्थ गांवों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार सुनील बाल्मिक, जनपद सदस्य, ग्राम सरपंच, चौकी प्रभारी चकरपुर, आपूर्ति विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय कर्मचारी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।


