टोंक के नासिरदा क्षेत्र के बड़ला ग्राम में वीर तेजाजी महाराज के प्राण-प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना महोत्सव शनिवार को आयोजित हुआ। प्रधान कुंड में विधिवत हवन के बाद तेजाजी महाराज की मूर्ति स्थापना के साथ संपन्न हो गया। मूर्ति स्थापना धार्मिक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई। इस अवसर पर आसपास के गांवों की तेजा गायन मंडलियों ने अल्गोजा व ढोलक की पारंपरिक धुनों पर वीर तेजाजी की महिमा का भावपूर्ण बखान किया। इस मौके पर लीलन घोड़ी गाने पर तीन घोड़ियों का सामूहिक नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जोरदार तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।


