ग्वालियर में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने फरवरी 2026 की पहली कॉम्बिंग गश्त की है। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात आधा सैकड़ा से ज्यादा पुलिस टीमों ने एक साथ शहर और देहात में कॉम्बिंग गश्त शुरू किया। इसके बाद छह घंटे तक पुलिस जवान व अफसर ताबड़तोड़ एक्शन मूड में नजर आए। छह घंटे की कार्रवाई में शहर और देहात से पुलिस ने 245 फरार, स्थाई-गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़कर हवालात पहुंचाया है। साथ ही पुलिस ने 319 गुंडे व हिस्ट्रीशीटरों को उनके घर पहुंचकर चेक किया है। इनसे पूछताछ की गई है कि यह हाल फिलहाल किसी अपराध में शामिल तो नहीं है। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने औचक चेकिंग लगाई जिसमें जनकगंज में वारदात के लिए कट्टा लेकर घूम रहा बदमाश पकड़ा गया है। इस पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस बदमाशों पर नकेल कसने के लिए लगातार कॉम्बिंग गश्त करती है। जिसमें मुख्य रूप से उद्देश्य फरार वारंटियों की धरपकड़ और पुराने बदमाशों को चेक करना होता है। इससे बदमाशों में पुलिस का भय बना रहता है। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात पुलिस ने शहर और देहात में कॉम्बिंग गश्त की है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
छह घंटे में यह मिली सफलता
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 124 स्थाई वारंट, 121 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए हैं। साथ ही 165 गुण्डा एवं 154 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना कोतवाली, कंपू, झांसीरोड, मुरार, भितरवार, बेलगढ़ा, घाटीगांव में अवैध शराब के 01-01 एवं उटीला व करहिया में अवैध शराब के 02-02 तथा थाना जनकगंज में अवैध हथियार का 01 प्रकरण दर्ज किया गया है। शहर के पड़ाव थाना में 01 व डबरा में जुआ के 02 प्रकरण और सट्टा के थाना कोतवाली, आंतरी व मोहना में 01-01 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। धारा 107-116 जाफौ के 22 प्रकरणों 24 पर कार्यवाही की जाकर 09 अन्य कार्रवाई की गई हैं।
बदमाशों का रिकॉर्ड किया अपडेट
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया।
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा
कॉम्बिंग गश्त की गई है, जिसमें फरार वारंटियों की धरपकड़ की गई है। पुराने गुंडे व हिस्ट्रीशीटरों को भी चेक किया गया है। जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।


