अंबिकापुर के देवीगंज रोड स्थित होटल देव के पास शुक्रवार शाम फायरिंग की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने होटल संचालक के बाडी गार्ड के रूप में नियुक्त तीन युवकों को हिरासत में लिया है, वहीं होटल संचालक घर से नहीं मिला। ASP अमोलक सिंह ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के देवीगंज रोड के व्यस्त इलाके में स्थित देव होटल के पास शुक्रवार शाम दो राउंड फायरिंग की सूचना पर एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, सीएसपी राहुल बंसल और कोतवाली के टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हालात का जायजा लिया और होटल में पहुंचकर जांच शुरू की। गोली चलने की पुष्टि, बरामद हुए पांच गन
पुलिस जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई है। होटल संचालक के घर से पुलिस को पांच गन मिले, जो लाइसेंसी थे। इसके कारण पुलिस ने लाइसेंसी बंदूकों को छोड़ दिया। पुलिस ने होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस शनिवार सुबह फिर से देव होटल पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल संचालक हनी सिंह घर में नहीं मिले। पुलिस ने उनके घर से एक एयरगन को जब्त किया है। बतौर गार्ड तैनात तीन कर्मियों को लेकर पुलिस गांधीनगर थाने पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए बैठाया गया है। दो पक्षों में विवाद, गोलीबारी के बाद तनाव
बताया गया है कि हनी सिंह का नावापारा निवासी चुन्नू सिंह के साथ विवाद चल रहा है। उनके बीच कुछ दिनों पूर्व विवाद हुआ था, जिसपर दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। दोनों को रिपोर्ट लिखवाने कहा गया था, लेकिन दोनों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। जांच में पता चला कि शुक्रवार शाम को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। दोनों में कहासुनी के बाद चुन्नू सिंह व उसके साथियों ने हनी सिंह का पीछा किया था। हनी सिंह भागते हुए देव होटल पहुंचा, जिसके बाद गोली चलने की घटना हुई। घटना के बाद चुन्नू सिंह भी फरार बताया गया है। मामले में राजनैतिक दबाव के कारण पुलिस अधिकारी भी कार्रवाई एवं अन्य जानकारी देने से कतरा रहे हैं। एएसपी ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि कार्रवाई क्या हो रही है, इस संबंध में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।


