कनाडा भारतीय गैंगस्टरों की शरणस्थली बना हुआ है। कनाडा सरकार ने गैंगस्टरों को वहां शरण तो दे दी पर अब वही गैंगस्टर वहां भी रंगदारी वसूलने लगे हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि हाउस ऑफ कॉमन्स(कनाडा की संसद) में विपक्ष के नेता को लॉरेंस गैंग के गैंगस्टरों पर सरकार से सवाल पूछना पड़ गया। कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिवरे ने सीधे तौर पर ट्रूडो सरकार की इमिग्रेशन पॉलिसी पर सवाल खड़े किए और कनाडा में लॉरेंस विश्नोई गैंग के गैंगस्टरों की एंट्री के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। नेता विपक्ष ने सरकार से मांग की है कि जो गैंगस्टर फर्जी शरणार्थी बनकर यहां रह रहे हैं, उन्हें डिपोर्ट कर दिया जाए। बिना स्क्रीनिंग के आने दिए गैंगस्टर सदन में विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने कहा कि लिबरल सरकार की विफल नीतियों ने कनाडा में रंगदारी का संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया, “सरकार ने बिना किसी पुख्ता जांच (स्क्रीनिंग) के लॉरेंस विश्नोई गैंग के गैंगस्टरों को कनाडा में आने की अनुमति दी। इतना ही नहीं, दोषी ठहराए जाने के बाद भी वे फर्जी शरणार्थी का दावा करके यहीं पर जमे हुए हें। पोइलिवरे ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने संसद की समिति में एक प्रस्ताव रखा था ताकि ऐसे अपराधियों को तुरंत देश से बाहर निकाला जा सके, लेकिन लिबरल सरकार ने इसे वोट देकर गिरा दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार कानून में संशोधन कर इन अपराधियों को बाहर निकालने में सहयोग करेगी? विपक्ष के नेता ने कनाडा की संसद में क्या कहा, जानिए विपक्ष कानून बनाने नहीं दे रहा कनाडा के न्याय मंत्री सीन फ्रेजर ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष ऐसे गैंगस्टरों पर कार्रवाई करने के लिए कानून बनाने में सहयोग नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिन कानूनों की मांग कर रही है, कंजर्वेटिव्स उन्हें पारित करने में मदद नहीं कर रहे हैं। मंत्री फ्रेजर ने ब्रैम्पटन के मेयर और पुलिस का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस का कहना है कि ‘स्ट्रॉन्ग बॉर्डर्स एक्ट’ रंगदारी गिरोहों को तोड़ने के लिए बेहद जरूरी है। पिछले कई महीनों से विपक्षी दल उन उपायों को रोक रहा है जो अपराधियों के लिए जमानत और सजा को सख्त बना सकते हैं।
कनाडा पुलिस कर रही सख्त कानून बनाने की मांग कनाडा के कानून मंत्री सीन फ्रेजर ने कहा कि जब रंगदारी की बात आती है, तो विपक्ष उन कानूनों को आगे बढ़ाने में सहयोग नहीं करता है। पुलिस इसमें सख्त कानून बनाने की मांग कर रही है। उन्होंने संसद में कहा कि उन्हें ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन का एक संदेश मिला, जिसमें उन्होंने कहा कि पील रीजनल पुलिस ने उन्हें यह संदेश देने के लिए कहा है कि रंगदारी गिरोहों को तोड़ने के लिए सख्त कानून बनाने की आश्यकता है।


