टोंक पंचायत समिति की बीडीओ (ब्लॉक विकास अधिकारी) सरिता राठौड़ को उनके ऑफिस में कार्यरत अरावली संस्था जयपुर के ब्लॉक कॉडिनेटर द्वारा जान से मारने की धमकी देने, अभद्र व्यवहार करने, राज कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इसकी रिपोर्ट पीड़िता बीडीओ सरिता राठौड़ ने शुक्रवार को कोतवाली में दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू के दी है। कोतवाल भंवरलाल वैष्णव ने बताया- शुक्रवार को टोंक पंचायत समिति की विकास अधिकारी सरिता राठौड़ ने एक रिपोर्ट दी थी। बताया कि पचांयत समिति टोंक में एसोसिएशन फॉर रूरल एडवांसमेट थ्रू वॉलन्टरी एक्शन एंड लोकल इन्वाल्वमेंट (अरावली) संस्था जयपुर द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना अभियान के लिए अरविंद कुमार मेहरा ब्लॉक कॉडिनेटर (बीपीएमयू) पद उपलब्ध कराया था। ऑफिस से अनुपस्थित रहने का आरोप
उन्होंने बताया कि संस्था का यह कार्मिक अरविंद कुमार मेहरा ऑफिस में अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार करते है। उसे समझाने के लिए शुक्रवार को बीडीओ ने अपने चेंबर में बुलाया था। बीडीओ उसे समझा रही थी तक वह आवेश में आ गया और जान से मारने की धमकी दे डाली। उसकी तेज आवाज सुनकर ऑफिस के कर्मचारी चेंबर में आए और उसे पकड़ कर बाहर ले गए। उसके बाद लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। टोंक विकास अधिकारी सरिता राठौड़ ने बताया- राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना अभियान के लिए अरावली संस्था जयपुर द्वारा अन्य ब्लॉक की तरह टोंक ब्लॉक में भी अरविन्द कुमार मेहरा ब्लॉक कॉडिनेटर लगा रखा है। यह संस्था का कार्मिक है, लेकिन इसकी हाजिरी यहीं लगती है। यह अधिकांश समय अनुपस्थित रहता था और एक दो दिन में आकर हाजिरी लगा देता था। साथ ही इसका यहां के कर्मचारियों से भी व्यवहार सही नहीं था। दो दिन पहले भी इसमें अनुपस्थित रहने के बावजूद शुक्रवार को आकर हाजिरी लगा दी। इस पर इसे मेरे चेंबर में बुलाया और समझाया, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय मुझसे ही तेज में आकर बात करने लगा। उसे शांति रहकर अपनी बात कहने को कहा तो अभद्र व्यवहार किया। गाली गलौज करने लगा। ऑफिस में मुझे धमकाते हुए कहा कि “मैं आपकी चोटी पकडकर बाहर निकाल दूंगा, चाकू से मार दूंगा”। यह सुनकर अन्य कमरों में बैठे कर्मचारी दौड़े आए और उसे पकड़ कर बाहर के गए। वहां भी कुछ देर तक जिनसे मारने की धमकी देते हुए चला गया। आरोपी ने मुझे जान से मारने की धमकी दी है, साथ ही राजकार्य में बाधा भी पहुंचाई है। आरोपी से मुझे जान का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पुलिस को शिकायत सौंपी है।


