क्षिप्रा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पिता ने घटना को लेकर संदेह जताया है। शनिवार को एमवाय अस्पताल में युवती का पीएम हुआ। इधर, पुलिस घटना कैसे हुई, कहां हुई इसकी जानकारी निकाल रही है। क्षिप्रा टीआई कैलाश सोलंकी ने बताया कि एक 21वर्षीय युवती का मर्ग हुआ है। जिसका शनिवार को एमवाय अस्पताल में पीएम करवाया गया है। फिलहाल पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। शुक्रवार रात को सूचना मिली थी कि एक युवती को मांगलिया के अस्पताल में लाया गया है। मगर उस अस्पताल से भी कोई सूचना नहीं मिली थी। जिसके बाद परिजन युवती को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, जहां उसका शव मॉर्चुरी में रखा गया है। युवती के एक्सीडेंट की बात सामने आई है, लेकिन घटना कहां हुई, कैसे हुई इसके बारे में जानकारी निकलवाई जा रही है। युवक ने बहन को दी सूचना
इधर, युवती के पिता ने बताया कि वह लसूडिया इलाके में एक शो रूम में काम करती थी। शुक्रवार को उसका एक दोस्त उससे गाड़ी मांगने गया था। उसने स्कूटी की चाबी और मोबाइल उसे दे दिया था। जिसके बाद वह ऑटो से मांगलिया तक आई। उसने छोटी बहन को ऑटो वाले के मोबाइल से कॉल कर 50 रुपए ट्रांसफर करने को कहा था। जिसके बाद क्या हुआ उसकी जानकारी नहीं है। बाद में उस लड़के ने छोटी बेटी को कॉल पर बताया कि उसका एक्सीडेंट हुआ है मांगलिया के अस्पताल में लाया है। जब बेटी वहां पहुंची तो युवक ने मोबाइल और स्कूटी चाबी देकर वहां से चला गया। पता चला है कि वहीं उसे स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल लाया था। जिससे बेटी के पैर में गंभीर चोट आई है। पीएम के पहले जब छोटी बेटी ने बहन का शव देखा तो उसके प्राइवेट पार्ट से खून निकलने की बात कहीं और शरीर पर चोट के निशान भी है। पिता ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी चीज से मारा है। पिता को भी पीएम रिपोर्ट का इंतजार
पिता ने यह भी बताया कि जो युवक उसे अस्पताल लेकर गया था वह कुछ साल पहले उसके साथ ही एक शो-रूम में काम करता था। तब से ही वह उसे जानता था। हालांकि घटना कैसे हुई, क्या हुई इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। पिता का कहना है कि पुलिस इसे एक्सीडेंट बता रही है। हमने इलाके में पूछताछ की तो किसी ने नहीं बताया कि कोई एक्सीडेंट हुआ हो। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्प्ष्ट हो सकेगी।


