जमीन में छिपाए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद:नक्सल विरोधी अभियान में मिली बड़ी सफलता; 20 राइफल, हैंड ग्रेनेड भी मिले

गिरिडीह पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा जमीन में गाड़कर छिपाए गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस संबंध में शनिवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार एवं सीआरपीएफ कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने बताया कि प्राप्त गुप्त सूचना पर नक्सलियों के विरुद्ध एक संयुक्त ऑपरेशन प्लान तैयार किया गया। इस योजना के तहत सीआरपीएफ एफ/154 बटालियन, बीडीडीएस टीम एवं जिला पुलिस गिरिडीह द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र से मिले हथियार और गोला-बारूद
अभियान के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालखी पहाड़, कनौडीह के समीप नक्सलियों द्वारा गड्ढों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को बरामद कर विधिसम्मत तरीके से जब्त किया गया। .22 बोर की 9 राइफल, 6 हैंड ग्रेनेड भी बरामद
बरामद सामग्री में 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 बोर की 9 राइफल, 6 हैंड ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप तथा दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर शामिल हैं। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि बरामद प्रतिबंधित सामग्रियों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *