एएसआई दिलीप सिंह की प्रतिमा का अनावरण:विनतीपुरा के ग्रामीणों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल स्वभाव के लिए किया याद

धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र स्थित विनतीपुरा गांव में दिवंगत एएसआई दिलीप सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर एएसआई दिलीप सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। एएसआई दिलीप सिंह का निधन 21 सितंबर 2024 को कैंसर के कारण हुआ था। वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से गांव में यह प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एएसआई दिलीप सिंह के सेवाकाल को याद करते हुए बताया कि उन्होंने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवा दी। उन्होंने समाज में अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व राज्य मंत्री धीरज गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि एएसआई दिलीप सिंह जैसे कर्मठ पुलिसकर्मी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्य, ईमानदारी और सेवा भावना का संदेश देती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान एक श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। ग्रामीणों और परिजनों ने भावुक होकर एएसआई दिलीप सिंह को याद किया। यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *