माइनिंग टीम पर हमला…इंस्पेक्टर का सिर फोड़ा, VIDEO:टीकमगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे थे अधिकारी; ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए की मारपीट

टीकमगढ़ में अवैध मुरम खनन रोकने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर हमला हो गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष के दो मजदूरों ने भी खनिज टीम पर मारपीट के आरोप लगाए हैं, जिस पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है। घटना शुक्रवार शाम की है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। खनिज अधिकारी विपुल रावत के अनुसार,मिनौरा गांव में भेड़ फार्म की पहाड़ी पर अवैध खनन की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो एक ट्रैक्टर से मुरम का अवैध खनन किया जा रहा था। टीम को देखते ही खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर छोड़कर भागे। भागते समय एक मजदूर गिर गया। उसके सिर में चोट आई। देखिए तस्वीरें बाइक और स्कूटर से आए थे हमलावर खनिज टीम जब जब्त किए गए ट्रैक्टर को लेकर लौट रही थी, तभी बाइक और स्कूटर से पहुंचे चार लोगों ने ट्रैक्टर के सामने अपने वाहन लगाकर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान विवाद बढ़ गया। लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसमें खनिज निरीक्षक कुलदीप जैन के सिर में चोट आई। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में अरविंद राय, रवि राय, जितेंद्र राय (निवासी कुंडेश्वर) और चंदू आदिवासी (निवासी मिनौरा) सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मजदूरों ने टीम पर मारपीट का आरोप लगाया वहीं, घटना में घायल हुए दो मजदूर भी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे और खनिज टीम पर मारपीट का आरोप लगाया। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों का मेडिकल परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *