कैंटीन में सामान लेने आए रिटायर्ड सूबेदार का बैग लौटाया:बैग में थे 2.20 लाख और सामान,कैंटीन कर्मचारियों ने ढूंढा बैग

सीकर में बगिया चौराहे के पास स्थित सीएसडी कैंटीन पर सामान लेने के लिए आए रिटायर्ड सूबेदार का 10 फरवरी को बैग गिर गया। बैग में 2.20 लाख रुपए सहित अन्य सामान था। कैंटीन कर्मचारियों ने बैग ढूंढकर आज बैग मालिक को वापस लौटाया है। कैंटीन के सीनियर अकाउंटेंट सीबी मिश्रा ने बताया कि मुकुंदगढ़ निवासी रिटायर्ड सूबेदार प्यारेलाल 10 फरवरी को कैंटीन में सामान खरीदने के लिए आए थे। वह अपने साथ पिट्ठू बैग लेकर आए थे। सामान लेने के बाद वह अपनी स्कूटी से बगिया चौराहे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे टंगा बैग नीचे गिर गया। जिसका पता चलने पर वह कैंटीन आए और कैंटीन प्रभारी कैप्टन मुकेश कुमार को इस बारे में बताया। कैप्टन मुकेश कुमार ने कैंटीन के स्टाफ गजेंद्र सिंह और लक्ष्मण सिंह को बैग ढूंढने में लगाया। जिन्होंने इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। जिसके आधार पर उन्हें पता चला कि बैग पास में ही एक पट्टियों के बाड़े के पास गिरा था। जो किसी ने वहां के स्टाफ को संभला दिया। ऐसे में बैग मालिक रिटायर्ड सूबेदार को उनके बैग मिलने की सूचना दी गई। आज उन्हें कैंटीन बुलाकर बैग को सौंप दिया गया है। इस बैग में 2.20 लाख रुपए और कैंटीन से खरीदा हुआ सामान था। इस दौरान कैप्टन श्याम सिंह भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *