जालंधर के हलका वेस्ट में आते गांव नाहलां में स्क्रैप के गोदाम में आग लग गई। गोदाम रिहायशी इलाके में होने से लोग सहम गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग के लपटों के कारण आसपास के घरों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड आग बुझाने में लगी है।
आग लगने का कारण स्क्रैप की कटिंग बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि लोहे की कटिंग के दौरान उठी चिंगारी से अंदर डंप करके रखे चमड़े और गत्ते के कबाड़ ने आग पकड़ ली। हवा के चलते आग फैल गई। गोदाम को लेकर लोगों ने रोष भी जताया। लोगों का कहना है कि कई बार गोदाम को यहां से शिफ्ट करने की अपील की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां लगीं
फायर ब्रिगेड अधिकारी राजिंदर कुमार सहोता ने बताया कि स्क्रैप के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। आग भीषण है। अंदर गत्ता रखा गया था। अब तक 3 गाड़ियां पानी की लग चुकी हैं। और गाड़ियां बुलाई गई हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि गोदाम में कटर से स्क्रैप काटा जा रहा था जिसकी चिंगारी से गत्ता और कागज ने आग पकड़ ली। डेयरी मालिक के प्लाट में बना रखा था गोदाम
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके के डेयरी मालिक ने प्लाट किराए पर दे रखा था जिसमें गोदाम चल रहा था। बताया जा रहा है कि गोदाम में चमड़े के जूतों का वेस्टेज भी रखा था जिससे ज्यादा आग भड़की। घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और लोगों को घटना स्थल से दूर किया जा रहा है।


