लातेहार में जेजेएमपी का उग्रवादी धराया:ठेकेदारों से लेवी वसूली की फिराक में था आरोपी, ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस बरामद

लातेहार पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई में जेजेएमपी (झारखंड जन मुक्ति परिषद) के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। मनिका थाना क्षेत्र के सनगड़वा के पास से उसकी गिरफ्तारी की गई है। पकड़े गए उग्रवादी की पहचान अर्जुन सिंह बारियातू, मनिका के रूप में हुई है। एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अर्जुन सिंह क्षेत्र में चल रही सरकारी योजनाओं के ठेकेदारों से लेवी वसूलने की योजना बना रहा था। इस सूचना पर बरवाडीह एसडीपीओ भरत राम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने सनगड़वा गांव के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 7.56 एमएम का एक ऑटोमेटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, अर्जुन विकास योजनाओं की जानकारी बड़े उग्रवादियों तक पहुंचाने का काम भी करता था। मनिका थाने में उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी अभियान में मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, एएसआई रणधीर कुमार सिंह, आरक्षी अरुण लकड़ा, अनुरंजन टोप्पो और पप्पू कुमार यादव की टीम शामिल थी। आरोपी को गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *