एक किमी के दायरे में कब्जा हटाया गया व्यापारियों ने भेदभाव का आरोप लगाया

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले में 14 फरवरी को मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को मुख्य मार्ग घड़ी चौक से लेकर शासकीय पीजी कॉलेज तक सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। नगर पालिका की इस कार्रवाई का उद्देश्य मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और आम नागरिकों को राहत दिलाना बताया है। 11 बजे से शुरू हुई कार्रवाई के लिए नपा प्रशासन ने जेसीबी समेत बड़ी संख्या में नपा कर्मियों व पुलिस बल को साथ लेकर कार्रवाई करने शहर में निकली। नपा की टीम ने अभियान के दौरान करीब एक किलोमीटर के दायरे में 20 से अधिक दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान, ठेले, तख्त और अन्य अवैध निर्माण को हटाया। कार्रवाई के दौरान कई ठेला और फुटपाथ दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण करने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस अभियान को लेकर कुछ व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया है। उनका कहना है कि छोटे दुकानदारों, ठेला और फुटपाथ व्यवसायियों पर ही सख्ती की जा रही है, जबकि राजनीतिक रसूख और मजबूत पकड़ रखने वाले कुछ बड़े व्यापारियों द्वारा किए गए पक्के और स्थायी अतिक्रमणों को नजरअंदाज किया जा रहा है। केवल छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दिखावटी कार्रवाई की जा रही है, जबकि वर्षों से चले आ रहे बड़े अतिक्रमण जस के तस बने हुए हैं। कार्रवाई जारी रहेगी नपा सीएमओ संजय दुबे ने आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि शहर में जहां-जहां मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण किया गया है, वहां चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। नपा अधिकारियों का कहना है कि किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। हालांकि, शहर के फव्वारा चौक और बस स्टैंड जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाकों में अब भी बड़े और स्थायी अतिक्रमण बने हुए हैं, जिससे आए दिन यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *