कोटा शहर पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की सोने की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि महावीर नगर थाना क्षेत्र में 25 जनवरी 2026 को एक सोने के कारखाने से 761 ग्राम सोना चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। परिवादी कपिल सोनी ने शिकायत में बताया कि उनके कारखाने में नया कारीगर इमरान मलिक काम पर आया था, जो एक दिन बाद ही सोना लेकर फरार हो गया। इस पर महावीर नगर थाना पुलिस और साइबर सेल ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आसूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की 2 टीमों ने 11 दिनों तक पश्चिम बंगाल और मुंबई में दबिश दी और अंततः स्थानीय पुलिस की मदद से हुगली जिले के ग्रामीण इलाके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कुरबानी मंडल (39) और इमरान मलिक (19) शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने सुनियोजित साजिश के तहत चोरी की योजना बनाई थी। इमरान मलिक को फर्जी आधार कार्ड के जरिए कारखाने में काम पर लगवाया गया और मौका पाकर तिजोरी की चाबी चुराकर सोना लेकर फरार हो गया। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट वारंट पर कोटा लाया गया है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरी किए गए सोने की बरामदगी की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।


