5 मंदिरों की ​जमीन पर कब्जा:भू-माफिया फसल काट ले जाते हैं, प्रशासन मिलीभगत का आरोप; कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

करौली में मंदिर माफी की भूमियों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण के विरोध में मंदिर मठ समिति ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन किया। ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष वेद प्रकाश उपाध्याय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भू-माफिया न केवल मंदिरों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, बल्कि कई जगहों पर लाठी के बल पर फसल भी काट ले जाते हैं। राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ के संज्ञान में आए पांच प्रमुख मामलों में टोडाभीम के मांचड़ी गांव का सीताराम जी मंदिर, हिंडौन की जाट की सराय स्थित कल्याण जी महाराज मंदिर, सपोटरा के जाखोदा गांव का पुरुषोत्तम बिहारी मंदिर, हिंडौन के खेड़ा जमालपुर का ठाकुर जी मनोहर मंदिर और सपोटरा के दौलतपुरा स्थित ऊंट गिर चौड़िया खाता मंदिर शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अतिक्रमणकारियों से मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर मठ-मंदिरों को नष्ट करने की मुहिम चला रहे हैं। समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और मंदिर पुजारियों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने की मांग की है। प्रदर्शन में बनवारी लाल शर्मा, गणेश शर्मा, मुकेश शर्मा, राम पंडा, कमलेश और हनुमान प्रसाद सहित कई लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *