हनुमानगढ़ के डबलीबास मौलवी (डबलीराठान) के वार्ड 11 में स्थित एक जोहड़ को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। बुधवार को ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की पुराने जल संग्रहण का पुनर्रोद्वार योजना के तहत लाखों रुपए खर्च कर इस जोहड़ को पक्का करवाया गया था, लेकिन पिछले दो वर्षों से वर्तमान सरपंच, उनके पति और ग्राम विकास अधिकारी मिलकर इस जोहड़ को नष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। जोहड़ से पानी निकालकर उसमें गिट्टी और कचरा डाला जा रहा है। स्थिति यह है कि अब जोहड़ को मिट्टी से भरकर उस पर चारदीवारी बना दी गई है और अंदर शेड बनाकर गेट लगा दिया गया है, जहां पशु बांधे जा रहे हैं। इस कारण क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश के मौसम में कई घरों में पानी भर जाता है और मकान गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जोहड़ से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और इसे पुनः खुदवाकर जल संग्रहण के लिए तैयार किया जाए। साथ ही जोहड़ को नष्ट करने में शामिल जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर श्रवण, बालकृष्ण, राकेश कुमार, गौरव कुमार, जसवंत सिंह, श्यामलाल, प्रेम कुमार और गोपालराम सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।


