बूंदी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के निर्देशन में नैनवां थाना पुलिस ने एक आरोपी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी कमलेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पालेश्वर महादेव की पाल दुगारी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुगारी निवासी 39 साल के शोजीलाल पुत्र जयलाल गुर्जर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पॉलीथीन की जिपर थैली में रखी 4.69 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी करवर के नेतृत्व में मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल रामेश्वर, कमलेश, राजेश, बल्लोसिंह और आरिफ की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


