कोटा ग्रामीण पुलिस ने 28-लाख का डोडा चूरा पकड़ा:तीन तस्करों से दो कारों में 191-किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जप्त

कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 191 किलो 886 ग्राम डोडा चूरा जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 28 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि थाना बपावर कलां पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका। कार चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ा। तलाशी में कार से 177 किलो 300 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस मामले में जोधपुर जिले के रहने वाले बंशीलाल विश्नोई और विष्णु विश्नोई को गिरफ्तार कर कार को जब्त किया गया। इस जब्ती की कीमत करीब 26 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। वहीं दूसरी ओर, थाना कनवास पुलिस ने कोटा-झालावाड़ हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान मारुति स्विफ्ट कार की जांच की। कार से 14 किलो 586 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। इस मामले में पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *