जोबट विधानसभा में ₹80 लाख से अधिक के विकास कार्य:विधायक सेना महेश पटेल ने टेमाची सहित कई गांवों को दी सौगात

जोबट विधानसभा क्षेत्र में विधायक महेश पटेल ने ₹80.42 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। ग्राम पंचायत टेमाची सहित आसपास के कई गांवों में इन परियोजनाओं से क्षेत्रवासियों को सुविधाएं मिलेंगी। टेमाची ग्राम पंचायत में लगभग ₹63.92 लाख की लागत से विभिन्न कार्य शुरू किए गए। इनमें नवीन आंगनवाड़ी भवन, विद्युत विस्तार लाइन, सीसी रोड का लोकार्पण, शांति धाम का सुंदरीकरण, नवीन सीसी रोड निर्माण, आरएमएस निर्माण और तीन फलियों में हैंडपंप का लोकार्पण शामिल है। विधायक निधि से पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए गए। टेमाची के अलावा, कालुवाट, आंबी पंचायत के ग्राम एकधड़ी, किलाना, छोटाभवटा पंचायत के ग्राम एरन और हरदासपुर में कुल ₹8.20 लाख की लागत से पानी के टैंकर वितरित किए गए। इससे गर्मी के दिनों में पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। टोकरियाझिरन पंचायत के काटकुआ ग्राम में ₹8.35 लाख की लागत से विद्युत विस्तार लाइन का उद्घाटन और विद्युत डीपी का लोकार्पण किया गया। इससे क्षेत्र की बिजली समस्या का स्थायी समाधान होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेश पटेल ने कहा कि उनका उद्देश्य जोबट विधानसभा के किसी भी गांव में विकास की कमी नहीं रहने देना है। उन्होंने जोर दिया कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है, और टेमाची ग्राम इसका साक्षी बना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन गांवों में अभी विकास नहीं पहुंचा है, वहां पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएंगीं उन्होंने किसानों की खाद और पानी की समस्या, युवाओं के रोजगार के मुद्दे और महिलाओं के सम्मान पर भी बात की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पानी के टैंकर गांवों में उपलब्ध रहेंगे, जिनका उपयोग ग्रामीण शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों और आवश्यकता पड़ने पर कर सकेंगे। पानी, बिजली और सड़क से संबंधित सभी आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *