भोपाल के कोलार इलाके से गुजरी कलियासोत नदी पर एक और ब्रिज बनेगा। 5 करोड़ रुपए से कालीवाड़ी ब्रिज तैयार होगा, जिससे करीब 5 लाख आबादी को फायदा मिलेगा। शनिवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने ब्रिज के लिए भूमिपूजन किया। फोरलेन अवध मार्ग पर कलियासोत नदी पर बनने वाले इस कालीबाड़ी ब्रिज की लंबाई 75 मीटर एवं चौड़ाई 10 मीटर होगी। ब्रिज का निर्माण पीडब्ल्यूडी अगले 8 महीने के अंदर करेगा। फिलहाल यह टूलेन ब्रिज है। जिस वजह से यहां अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है। पहले से निर्मित ब्रिज के समानांतर इस ब्रिज के निर्माण से यहां फोरलेन ब्रिज आम नागरिकों को मिलेगा। कोलार में कई निर्माण कार्य
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक शर्मा ने कहा, सिक्सलेन रोड से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस रिंग रोड, कोलार तहसील कार्यालय, मुखर्जी स्टेडियम, विद्युत का डिवीजन कार्यालय, शासकीय डॉक्टर श्यामाप्रसाद मुखर्जी कॉलेज, अशोक सिंहल पॉवर हाउस, अवध मार्ग, मुखर्जी दीनदयाल लिंक (कोलार से कटारा) मार्ग जैसे अनेकों कार्य से मुखर्जी नगर कोलार को विकसित किया जा रहा है।
इसके चलते आज मुखर्जी नगर कोलार में रोजगार और व्यापार के नवीन अवसर सृजित हो रहे हैं। व्यापार-व्यवसाय के नए-नए संस्थान यहां स्थापित हो रहे हैं। अपने मुखर्जी नगर कोलार को चौतरफा सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ना प्राथमिक उद्देश्य है। कोलार विकास कार्यों का ब्रॉन्ड बना
विधायक शर्मा ने कहा कि कोलार का विकास अब एक ब्रांड बन चुका है। यहां की जागरूक जनता ही कोलार की सच्ची ब्रांड एंबेसडर है। अब कोलार के विकास कार्यों की हर तरफ तारीफ होती है। भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद ज्योति मिश्रा, बबीता डोंगरे, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार, मनोहर मीना, भाजपा नेता बीएस वाजपेयी, भूपेंद्र माली भी मौजूद थे।


