कोटा जिले के रामगंजमंडी के गुण्दी गांव में मनरेगा के तहत काम करने वाली महिलाओं ने मजदूरी के बकाया भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर महिलाओं ने मोडक-रामगंजमंडी सड़क पर धरना दिया और नारेबाजी की, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोड़क पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द ही बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। मजदूरी के लिए दोबारा हाजिरी भरने का आदेश
दरअसल, बुधखान, राजूखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों की कथा स्थल की जमीन की साफ-सफाई की गई थी। अब प्रशासन की ओर से उन्हें 30 दिन की पुरानी मजदूरी के बदले दोबारा हाजिरी भरने को कहा जा रहा है। इसी बात से नाराज होकर महिला श्रमिकों ने सुबह साढ़े 9 बजे से ही मोडक-रामगंजमंडी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जो करीब साढ़े चार घंटे तक जारी रहा। मजदूरी नहीं मिलने से परेशान
महिलाओं का कहना था कि मनरेगा के तहत उन्होंने बड़ी मेहनत से जमीन की साफ सफाई की थी। एक महीना गुजर जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। मजदूरी समय पर नहीं मिलने के कारण परिवार का घर खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। उसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे। इस बारे में खैराबाद पंचायत समिति के विकास अधिकारी समय सिंह ने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। इसके बारे में पता करवाते हैं।


