दौसा जिले की पापड़दा थाना पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वारदात में शामिल 4 अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी ने बाछड़ा गैंग बना रखी है, जिसके बदमाश उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व राजस्थान के कई जिलों में घर में घुसकर मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात छीनने की वारदातों को अंजाम देते हैं। इस संबंध में 26 जनवरी को पीड़ित विनोद योगी निवासी आलूदा ने मामला दर्ज कराया था कि रात करीब 3 बजे 5 अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस गए। जिन्होंने हथियार की नोक पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए जेवरात, नकदी तथा बक्से में रखे हुए कपड़े छीनकर ले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए। लूट की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्पेशल टीमों का गठन किया गया। साइबर सेल के कांस्टेबल दिनेश कुमार राठी और महेंद्र कुमार ने तकनीकी सहायता से करीब 200 कैमरे और टोल नाकों से सीसीटीवी फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान करने पर सामने आया कि चिन्हित आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रहने वाले हैं। इसके बाद जिला विशेष टीम ने नीमच में दबिश देकर बाछड़ा गैंग के मुख्य आरोपी चिंटू मालवीया निवासी पिपलिया थाना मानसा नीमच को गिरफ्तार कार बरामद की है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ में जुटी है।


