जयपुर कमिश्नरेट के त्रिवेणी चौराहे पर एक युवती ने राजकॉप ऐप का इस्तेमाल कर उसे परेशान कर रहे युवक को गिरफ्तार करवाया। युवती ने राजकॉप सिटीजन एप पर नए फीचर नीड हेल्प की मदद से पुलिस तक अपनी परेशानी पहुंचाई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को परेशान कर रहे युवक को गिरफ्तार किया। आईजी एससीआरबी शरत कविराज ने बताया कि बुधवार सुबह राजकॉप एप में करीब 6:26 बजे एक सन्देश आया। झुंझुनूं निवासी एक युवती जो जयपुर में एक हॉस्टल में रहकर फर्स्ट ग्रेड टीचर की कोचिंग कर रही थी, के इस सन्देश के अनुसार त्रिवेणी बत्ती के सामने उसके साथ एक लड़का छेड़छाड़ और गाली गलौज कर उसका मोबाइल छीन रहा था। संदेश पर बिना समय गवाएं राजकॉप एप रूम में कार्यरत प्रभारी एएसआई सुनीता शर्मा द्वारा अभय कमांड सेंटर को सूचना दी गई। इसके आधार पर महेश नगर थाना पुलिस गोपालपुरा बायपास पर रिद्धि-सिद्धि चौराहे पर पहुंची और आरोपी पवन तंवर पुत्र रतन सिंह (24) निवासी गांवली थाना पाटन जिला सीकर को दस्तयाब कर थाने ले आई। युवती से समझाइश कर रिपोर्ट ली और मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी पवन उसका क्लासमेट रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दोनों ही जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। काफी समय से पवन उसे मैसेज और कॉल कर परेशान कर रहा था तो उसने उसे ब्लॉक कर दिया। आज सुबह वह कोचिंग के लिए जा रही थी तो आरोपी ने उसे रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ कर ब्लॉक करने पर गाली गलौज की। जब उसने मोबाइल से राजकॉप ऐप पर संदेश भेजा तो गुस्से में आकर उसने मोबाइल भी तोड़ दिया। चूंकि एप से मैसेज भेजा जा चुका था इस लिए मोबाइल तोड़ दिए जाने के बावजूद पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी नही हुई। युवती ने यह भी बताया कि राजकॉप सिटीजन एप के बारे में जानकारी उसे पुलिस की कालिका टीम द्वारा कोचिंग सेंटर पर चलाए गए जागरूकता अभियान के दौरान मिली थी। ऐसा है राजकॉप सिटीजन एप आईजी एससीआरबी शरत कविराज ने बताया कि राजकॉप सिटीजन एप, राजस्थान पुलिस की एक ऐप है। इस ऐप से नागरिक सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस ऐप में कई फ़ीचर हैं, जैसे कि शिकायत दर्ज कराना, किराएदार का सत्यापन कराना, अपनी पंजीकृत शिकायतों को ट्रैक करना, महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधा, एसओएस पैनिक बटन आदि। राजकॉप सिटीजन ऐप में ‘महिला सुरक्षा’ सेक्शन में ‘मदद चाहिए’ टैब है, इस टैब पर क्लिक करके महिलाएं तुरंत पुलिस की मदद पा सकती हैं।


