जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के आर्यभट्ट हॉस्टल में रैगिंग का एक और मामला सामने आया है। बी फार्मेसी चतुर्थ वर्ष के छात्र आशुतोष मरावी ने सहपाठी छात्रों पर रैगिंग, मारपीट और नशा करने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। छात्र ने इस संबंध में कुलसचिव और छात्र कल्याण अधिष्ठाता को लिखित शिकायत दी है। आशुतोष का आरोप है कि फार्मेसी तृतीय और चतुर्थ वर्ष के छात्र सौरभ गुर्जर और अनंत प्रताप सिंह लगातार उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। मना करने पर मारपीट की धमकी दी जाती है और कई बार कमरे में घुसकर मारपीट भी की गई। छात्र ने जबरन ऑडियो रिकॉर्डिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है। आर्यभट्ट हॉस्टल में पिछले 15 दिनों में रैगिंग की यह तीसरी शिकायत है। इससे पहले दो मामलों में यूजीसी, कुलगुरु और कुलसचिव से शिकायत की जा चुकी है। 2 फरवरी को इसी हॉस्टल में फार्मेसी के छात्रों द्वारा लॉ के सीनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया था, जिसमें पीड़ित छात्र ने कोर्ट का रुख किया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं से विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में बाहरी छात्रों का आना-जाना बना रहता है और शराब पार्टियां भी होती हैं, जिससे भय का माहौल है। कुलसचिव ने किया हॉस्टल का निरीक्षण रैगिंग और मारपीट के मामलों के बाद कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा ने आर्यभट्ट हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड, एंटी-रैगिंग कमेटी, चीफ वार्डन, संबंधित वार्डन और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हॉस्टल के सभी कमरों का निरीक्षण कर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं। प्रॉक्टर प्रो. एस. के. सिंह ने मैस में छात्र की थाली से भोजन चखकर खाने की गुणवत्ता की जानकारी ली, जिस पर छात्रों ने संतोष जताया। कुलसचिव डॉ. मिश्रा ने छात्रों को हॉस्टल में अनुशासन बनाए रखने, आपसी सौहार्द से रहने और विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की रैगिंग या अनुशासनहीनता की स्थिति में तुरंत प्रशासन, वार्डन या एंटी-रैगिंग कमेटी को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रॉक्टर प्रो. सिंह ने कहा कि रैगिंग या अन्य किसी भी समस्या की सूचना सीधे उन्हें दी जा सकती है। उनका मोबाइल 24 घंटे उपलब्ध रहेगा और शिकायतकर्ता की गोपनीयता रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में बाहरी छात्रों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश भी दिए गए। प्रॉक्टोरियल बोर्ड कर रहा जांच कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य ने बताया कि सभी शिकायतें प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सौंप दी गई हैं और मामले की जांच जारी है। बोर्ड की रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढें… फार्मेसी स्टूडेंट्स ने सीनियर को लात-घूंसों से पीटा…VIDEO ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉस्टल में फार्मेसी के स्टूडेंट्स समेत 8 लोगों ने लॉ के छात्र को लात घूंसों से जमकर पीटा। फॉर्मेसी के छात्रों ने शराब पार्टी के बाद अपने सीनियर से मारपीट की। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पढ़ें पूरी खबर…


