भिंड में बुधवार शाम एक बस अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 8 लोग घायल हुए है। बस में सवार लोग लगुन फलदान लेकर जा रहे थे। हादसा मालनपुर के अंबाह में सारा फैक्ट्री के सामने हुआ है। अंबाह निवासी रामप्रकाश राठौड़ अपनी पुत्री का फलदान लेकर बस क्रमांक MP 06 P 0549 से मालनपुर मानसरोवर होटल जा रहे थे। तभी बस का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर बस सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही मुरैना के रिठौरा व मालनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से मालनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस हादसे में राधेश्याम (48 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं, तेज सिंह, मोहनलाल, लिलोई, सिकरौदा, रामप्रकाश, मुरलीधर खरोरा, रामचरण समेत अन्य लोगों के मामूली चोट आने से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


