भिंड जिले के गोरमी थाना अंतर्गत कोट गांव में घर के बाहर बैठे एक युवक पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने बंदूक से फायरिंग भी की, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में युवक के साथ उसकी पत्नी और भाभी भी घायल हुई हैं। तीनों को गोरमी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुरानी रंजिश में किया हमला पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय शिवराज सिंह भदौरिया अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले सीमांत भदौरिया, संदीप भदौरिया, प्रशांत भदौरिया और लोकेन्द्र उर्फ संजय भदौरिया ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सीमांत ने 12 बोर की बंदूक से फायरिंग की, जिससे शिवराज सिंह के सिर में छर्रा लग गया। बीच-बचाव करने आईं शिवराज की पत्नी किरन और भाभी दौजा देवी को भी आरोपियों ने पीटा। पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट इस मामले में थाना प्रभारी ध्यानेंद्र सिंह ने बताया कि फरियादी पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जाँच की जा रही है।


