कटनी शहर के कई वार्डों में SIR प्रक्रिया की आड़ में पात्र मतदाताओं के नाम हटाने की सुनियोजित साजिश का आरोप सामने आया है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया है। एडवोकेट अमित शुक्ला के अनुसार, शहर के कई वार्डों में ग्रामीण क्षेत्रों के बाहरी व्यक्तियों द्वारा फॉर्म नंबर-7 भरकर 100 से 300 मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे पूरी तरह अवैधानिक बताया है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने पर उन्होंने ऐसी कोई आपत्ति दर्ज कराने से इनकार किया है। इससे यह संकेत मिलता है कि किसी संगठित गिरोह द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर नागरिकों का संवैधानिक मताधिकार छीनने का प्रयास किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी, कटनी ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा। इसमें दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। एडवोकेट अमित शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में शामिल व्यक्तियों और जिम्मेदार कर्मचारियों/अधिकारियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है, तो कांग्रेस कमेटी न्यायालय का रुख करने को मजबूर होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वोट हमारा संवैधानिक अधिकार है। कांग्रेस कार्यकर्ता और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) लोकतंत्र के प्रहरी हैं, और जनता का यह अधिकार किसी भी कीमत पर छीनने नहीं दिया जाएगा।


