एनआरआई से करीब ढाई करोड़ रुपए की ठगी के मामले में केस वापस लेने के लिए विदेश से धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह निवासी एब्सफोर्ड (कनाडा), हाल वासी गांव पंजेटा ने बताया कि उन्होंने फरवरी 2020 में गांव में करीब 69 कनाल 9 मरले जमीन 21.50 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदी थी। सौदे के समय उन्होंने 30 लाख रुपए बयाना दिया था और करीब 3 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली थी। इसके बाद वह कनाडा लौट गए और बाकी जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए अपने साले गुरप्रीत सिंह धालीवाल और उसकी पत्नी मनजीत कौर को मुख्तारनामा दे दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने भरोसा तोड़ते हुए बाकी जमीन उसके नाम कराने के बजाय बिना बताए किसी और को बेच दी। आरोप है कि गुरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी ने रोहन चोपड़ा और अमन मल्होत्रा के नाम जमीन की रजिस्ट्री करवा दी और खुद गवाह भी बने। इतना ही नहीं, जमीन का सौदा करने के नाम पर आरोपियों ने पीड़ित के खाते में पैसे डलवाए और बाद में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 98.10 लाख रुपए निकाल लिए। इसके अलावा रायकोट क्षेत्र में दूसरी जमीन दिखाकर उससे करीब 88 लाख रुपए वसूल लिए। लेकिन जमीन नहीं दिलाई गई। इस तरह आरोपियों ने पीड़ित से करीब ढाई करोड़ रुपए की ठगी की। विदेशी नंबर से 25 जनवरी को कॉल की मामले की जांच के बाद वर्ष 2022 में थाना कूमकलां में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब इस केस को वापस लेने के लिए 25 जनवरी को विदेश के नंबर +12042304585 से अज्ञात व्यक्ति ने हरप्रीत सिंह को फोन कर धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने थाना जमालपुर की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी मनजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।


