लुधियाना| नूरवाला रोड स्थित नूर एन्क्लेव इलाके में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे पड़े भ्रूण को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना जोधेवाल से जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि नूर एन्क्लेव से सूचना मिली थी कि वहां एक भ्रूण पड़ा हुआ है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि मादा भ्रूण था। प्रारंभिक जांच में भ्रूण की उम्र करीब 5 माह बताई जा रही है। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भ्रूण को किसने और किन हालात में वहां फेंका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


