जिले के 652 डीलरों को 8 महीने से कमीशन राशि का भुगतान नहीं

भास्कर न्यूज | रामगढ़ हर महीने जिले के लाखों उपभोक्ताओं को जनवितरण प्रणाली की दुकानों से राशन बांटने वाले डीलरों को समय पर कमीशन नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। इन्हें पिछले 8 महीने से कमीशन की राशि नहीं मिली है। हालत यह है कि अब कमीशन नहीं मिलने से डीलर परेशान हो रहे हैं। डीलरों का कहना है कि कई बार ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कमीशन नहीं मिलने से कुछ डीलर की स्थिति खराब हो गई है। उनका कहना है कि उन्हें 8 महीने से कमीशन नहीं दिया जा रहा है, वे किस तरह काम कर पाएंगे। गौरतलब है कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों को अनाज वितरण के आधार पर कमीशन मिलता है। प्रति क्विंटल 150 रुपए के हिसाब से भुगतान होता है। जिले में 652 पीडीएस की दुकान है। इस तरह से हर महीने सभी का 70 से 80 हजार रुपए कमीशन बनता है। ऐसे में करीब चार करोड़ से अधिक कमीशन राशि का भुगतान डीलरों को नहीं किया गया है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है। वहीं इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने बताया कि जिले भर में जनवितरण प्रणाली की दुकान से समय पर डीलरों द्वारा लाभुकों के बीच राशन वितरण किया जा रहा है। जो कमीशन रुका हुआ है वह निदेशालय स्तर से रुका हुआ है। राशन की दुकान चलाने वाले दुकानदारों को कमीशन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी हो रही है। डीलरों का कहना है कि समय पर कमीशन नहीं मिलने के कारण वे दुकानों का किराया नहीं दे पा रहे हैं। जिन डीलर ने दुकानों पर कोई कर्मचारी रखा है, वे उसका वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं। जिले में छह प्रखंड रामगढ़, दुलमी, चितरपुर, गोला, मांडू, पतरातू और रामगढ़ शहरी क्षेत्र में राशन का वितरण किया जाता है। जिले में करीब 1 लाख 46 हजार कार्डधारी हैं। जिनके बीच हर माह करीब 32000 क्विंटल अनाज वितरण होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *