भास्कर न्यूज | पाटन जैक बोर्ड द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शनिवार को पाटन के तीनों परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था रही। बीएस इंटर कॉलेज कुंवरबांध में दसवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 1153 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1147 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं राजकीय मध्य विद्यालय पाटन में दसवीं कक्षा (सामाजिक विज्ञान) में 331 में से 330 विद्यार्थी तथा बारहवीं कक्षा (भौतिक विज्ञान) में 450 में से सभी 450 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। इसी प्रकार राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय पाटन में दसवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान परीक्षा में 495 में से सभी 495 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि बारहवीं कक्षा की भौतिक विज्ञान परीक्षा में 252 में से 250 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सौरभ प्रकाश ने पाटन के तीनों परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही केंद्राधीक्षकों को कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।


