भास्कर न्यूज | कोडरमा भाकपा जिला परिषद की बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में वरिष्ठ नेता महादेव राम ने कहा कि चार मजदूर संहिता (लेबर कोड) संगठित और असंगठित दोनों ही क्षेत्रों के मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए मजदूर कानूनों में बदलाव कर रही है। चार लेबर कोड को मजदूर हितैषी बताकर प्रचारित किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में ये मजदूरों के दमन का रास्ता खोलते हैं। पहले जहां 100 मजदूरों पर लेबर एक्ट लागू होता था, उसे बढ़ाकर 300 कर दिया गया है, जिससे करोड़ों मजदूर कानून के दायरे से बाहर हो जाएंगे। महादेव राम ने कहा कि यह कानून किसी भी दृष्टिकोण से मजदूरों के पक्ष में नहीं, बल्कि पूंजीपतियों के हित में है। उन्होंने कहा कि 12 फरवरी को पूरे देश के मजदूर इन कानूनों का करारा जवाब देंगे। जिला सचिव अर्जुन यादव ने कहा कि संगठन के नवीकरण एवं नई भर्ती का कार्य 15 मार्च 2026 तक पूरा कर जिला सचिव के पास जमा किया जाए। एटक प्रदेश उपाध्यक्ष सोनिया देवी ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाली आम हड़ताल के दौरान मजदूर प्लांट के मुख्य गेट पर जाम करेंगे और चक्का जाम कर किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जाएगा, ताकि मजदूर विरोधी और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश केंद्र सरकार तक पहुंचे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोडरमा प्रखंड अंचल परिषद की बैठक 13 फरवरी को दिन के 12 बजे आयोजित की जाएगी, जबकि चंदवारा प्रखंड अंचल परिषद की बैठक 18 फरवरी को होगी। बैठक में अर्जुन यादव, सोनिया देवी, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र यादव, विनोद पासवान, महेश प्रसाद सिंह सहित कामेश्वर पंडित, हरि पासवान, युगलेश प्रसाद यादव, सच्चिदानंद पांडे, सुखदेव पांडे, सिकंदर कुमार, गंगो नायक, ब्रह्मदेव राणा, काली सिंह, चंद्रिका सिंह आदि मौजूद थे।बैठक की अध्यक्षता पुरुषोत्तम यादव ने की।


