कार को टक्कर के बहाने होटल के जीएम पर किया हमला, ड्राइवर व सिक्योरिटी सुपरवाइजर भी घायल

भास्कर न्यूज |लुधियाना फिरोजपुर रोड पर स्थित पार्क प्लाजा होटल के जनरल मैनेजर पर देर रात अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना 6 फरवरी की रात को उस समय हुई जब वह ड्यूटी खत्म कर अपने ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के साथ घर लौट रहे थे। हमले में तीनों लोग घायल हो गए। शिकायत में जीएम सुनील पटनायक ने बताया कि वह अपने ड्राइवर बलजीत सिंह और सिक्योरिटी सुपरवाइजर तेजिंदर सिंह के साथ कार में सवार होकर होटल से ओमेक्स स्थित अपने घर जा रहे थे। जब उनकी कार पक्खोवाल रोड पर करतार सिंह पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर कार से नीचे उतरे और बाइक सवार से बात करने लगे। बाइक सवार ने गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली। इसी दौरान वहां अचानक तीन से चार युवक भीड़ में से निकलकर सामने आ गए। इनमें से एक युवक ने अपना चेहरा ढका हुआ था। आरोप है कि हमलावरों ने कार की खिड़की खोलकर अंदर बैठे जीएम पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। जब ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और दोनों के साथ भी मारपीट कर दी। हमले में सुनील पटनायक, ड्राइवर बलजीत सिंह और सुपरवाइजर तेजिंदर सिंह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में थाना सदर से जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पीड़ित की किसी से कोई निजी रंजिश नहीं है। आशंका है कि यह हमला पूर्व नियोजित भी हो सकता है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *