पीएयू में डायमंड जुबली एलुमनी मीट, देश-विदेश से पहुंचे 300 से अधिक पूर्व छात्र

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस में शनिवार को डायमंड जुबली एलुमनी मीट का आयोजन कॉलेज लॉन में किया गया। इस मौके पर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए पूर्व छात्रों ने शिरकत की और अपने कॉलेज जीवन की पुरानी यादों को ताजा किया। एलुमनी मीट के लिए 300 से अधिक पूर्व छात्रों ने पंजीकरण करवाया था।कार्यक्रम में कॉलेज की चार पूर्व डीन डॉ. सुखवंत कौर मान, डॉ. नीलम ग्रेवाल, डॉ. जतिंदर कौर गुलाटी और डॉ. संदीप बैंस के साथ बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ की गई। मुख्य अतिथि वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल ने गुब्बारे छोड़कर एलुमनी मीट का शुभारंभ किया। उन्होंने एलुमनी की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान के समग्र विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कॉलेज की डीन डॉ. किरण बैंस ने एलुमनी को कॉलेज की अकादमिक, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उपलब्धियों से अवगत कराया। इस अवसर पर एलुमनी डायरेक्टरी और स्मारिका ‘को-एलुमनस 2025-26’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की पूर्व डीन को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठतम डीन डॉ. के. के. शर्मा ने की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए फैकल्टी को नवाचार अपनाने, पेशेवर प्रतिबद्धता मजबूत करने और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। डायमंड जुबली के अवसर पर वर्ष 1966 से 1976 बैच के एलुमनी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पद्मश्री से सम्मानित रजनी बेक्टर इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम में कॉलेज की स्थापना से अब तक की सुविधाओं, गतिविधियों और आयोजनों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। मनोरंजक सत्र में छात्रों, फैकल्टी और एलुमनी की प्रस्तुतियां हुईं। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सरप्राइज गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। एलुमनी ने कॉलेज में नवनिर्मित ‘एल्मा-कनेक्ट’ सुविधा का भी उत्साहपूर्वक भ्रमण किया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार, डायरेक्टर ऑफ रिसर्च, डीन पोस्टग्रेजुएट स्टडीज, डायरेक्टर स्टूडेंट्स वेलफेयर, कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर व कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री के डीन, चीफ इंजीनियर सहित यूनिवर्सिटी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में एलुमनी एसोसिएशन की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दीपिका विग ने सभी अतिथियों और अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *