जालोर। पुलिस थाना रामसीन की टीम ने एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में फरार चल रहे टॉप-10 अपराधी और 5000 रुपए के इनामी आरोपी दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी तेजू सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी को कस्बा भीनमाल से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार पुत्र गंगाराम बिश्नोई, निवासी कावाखेड़ा, दांतीवास, भीनमाल, पर पुलिस थाना भीनमाल में एनडीपीएस एक्ट और थाना रामसीन में प्रकरण संख्या 12 के तहत केस दर्ज था। पहले हो चुकी है दो आरोपियों की गिरफ्तारी इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें पहला आरोपी अचलाराम (43) पुत्र पूनमाजी देवासी, निवासी रेबारियो की ढ़ाणी, उगमणावास, भीनमाल है। दूसरा आरोपी रूपाराम पुत्र ठाकराराम बिश्नोई, निवासी शेरपुरा, बामरला, पुलिस थाना सेड़वा, जिला बाड़मेर, हाल जम्भेश्वर होटल, मुड़तरा सिल्ली, पुलिस थाना रामसीन में रह रहा था। इस ऑपरेशन को अंजाम देने में थानाधिकारी तेजू सिंह के साथ कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश, थानासिंह, जयंतीलाल और महिला कॉस्टेबल गंगा की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी है।


