उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पत्नी, भाई और बहू पर FIR:भोपाल में प्लॉट आवंटन मामले में ईओडब्ल्यू का एक्शन; दो अधिकारियों पर भी केस

मध्यप्रदेश विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने बुधवार को एफआईआर दर्ज की है। मामला भोपाल के आईएसबीटी प्रोजेक्ट में प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी से जुड़ा है। इस मामले में लंबी जांच के बाद हेमंत कटारे, उनकी पत्नी, भाई योगेश कटारे और बहू समेत 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के तत्कालीन सीईओ केपी राही, ओएसडी मनोज वर्मा, मेसर्स हाई स्पीड मोटर्स और अन्य पर भी एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने साठगांठ कर कटारे परिवार को नियम विरुद्ध प्लॉट का आवंटन किया। इस मामले की शिकायत भोपाल के हर्षवर्धन नगर निवासी सीआर दत्ता ने की थी। शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू ने जांच कर भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) के नियमों के खिलाफ जाकर एक निजी कंपनी को जमीन आवंटन का मामला उजागर किया था। बुधवार को हेमंत कटारे, योगेश कटारे, मीरा कटारे और रुचि कटारे पर धारा 120 वी, 420, 468, 471 भादंवि के तहत एफआईआर दर्ज की है। हाई स्पीड मोटर्स में पार्टनर हैं हेमंत और परिवार
जांच में सामने आया कि मेसर्स हाई स्पीड मोटर्स के पार्टनर्स हेमंत कटारे, योगेश कटारे, मीरा कटारे, रुचि कटारे ने बीडीए के तत्कालीन सीईओ केपी राही, ओएसडी, मनोज वर्मा और अन्य आरोपियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचा। अधिकारियों ने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए मेसर्स हाई स्पीड मोटर्स को भूमि का आवंटन, आवंटित भूमि के उपयोग के प्रकार में परिवर्तन किया। इसी के साथ भूमि की राशि का निर्धारण अवैध रूप से लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। प्लॉट की कीमत भी बिना निविदा के मनमाने तरीके से तय की गई। कटारे बोले- आरोप झूठे, EOW दबाव बनाने का टूल
इस मामले में हेमंत कटारे ने कहा है कि मुझ पर और मेरे परिवार पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ईओडब्ल्यू को ब्लैकमेलिंग का टूल बना रखा है। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए इस प्रकार के झूठे प्रकरण दर्ज करवाते हैं। जब मैं पहली बार विधायक बना तब भी मुझे पर 6 झूठे प्रकरण दर्ज हुए थे। बाद में कोर्ट ने सभी आरोपों को खारिज भी कर दिया था। कटारे ने कहा- मैं इस मामले को कोर्ट के समक्ष लेकर जाऊंगा और मुझे पूरा भरोसा है कि मैं एक बार फिर दोष मुक्त साबित होऊंगा। सरकार के खिलाफ बोलते ही अगर मैं आरोपी बन जाता हूं, तो मैं विधानसभा से लेकर हर जगह सरकार के खिलाफ बोलूंगा और इनके काले कारनामे उजागर करूंगा। जीतू पटवारी बोले, कांग्रेस परिवार आपके साथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सच के संघर्ष में पूरा कांग्रेस परिवार हेमंत कटारे के साथ है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट X पर ये पोस्ट की.. पूर्व गृहमंत्री ने जांच के लिए सीएम को लिखा था पत्र इससे पहले पूर्व गृह और परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उप नेता प्रतिपक्ष और अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे पर दर्ज रेप केस में एफएसएल रिपोर्ट बदले जाने का आरोप लगाया था। इसे लेकर उन्होंने मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेटर भी लिखा था। इसमें उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। पूर्व गृहमंत्री ने पत्र में यह भी लिखा था कि हेमंत कटारे के भाई योगेश कटारे पर 35 आपराधिक प्रकरण चल रहे हैं। भोपाल के आईएसबीटी स्थित पेट्रोल पंप योगेश कटारे द्वारा संचालित किया जाता है। उक्त पेट्रोल पंप की आड़ में झुग्गियों से योगेश कटारे के संरक्षण में ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा आदि मादक पदार्थों का अवैध व्यापार किया जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *