एमपी में 50 हजार करोड़ का निवेश करेगा अवाडा ग्रुप:दिल्ली में सीएम बोले- उद्योगपतियों से बात नहीं करेंगे, तो रोजगार कहां से आएगा

भोपाल में 24 और 25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली के एक होटल में MP-GIS 2025 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि एक दौर था जब, अगर राजनेता और उद्योगपति उद्योग की बात करे, तो यह संकट सामने आता था कि वोट कट जाएगा। इस राजनीतिक लाइन का संकट खड़ा होने से लोग बात करने से पीछे हटते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। सीएम ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा नहीं देंगे, उद्योगपतियों से बात नहीं करेंगे, तो रोजगार कहां से आएगा? सीएम यादव ने प्रदेश के विकास के साथ निवेश की परिस्थितियों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी निवेशक 24 और 25 फरवरी को भोपाल आएं और निवेश के लिए प्रस्ताव देकर उद्योग लगाएं। उन्होंने कहा कि भोपाल ऐसा है कि यहां आपको घूमते हुए टाइगर भी दिखाई दे सकते हैं। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर इन्वेस्टर्स से वन-टू-वन चर्चा भी की। साथ ही उन्हें भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने का न्योता दिया। सीएम बोले- अब अधिकारी भी भाषण देना सीख गए
सीएम डॉ. मोहन यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि उद्योगपतियों के साथ अब अधिकारी भी भाषण देना सीख गए हैं, लेकिन इसके पीछे उनकी सकारात्मक भावना है। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी प्रकार के उद्योगों के लिए असीम संभावनाएं विद्यमान हैं। मेरा उद्योगपतियों से आग्रह है कि आइए मध्यप्रदेश और निवेश की अनंत संभावनाएं खोजिए। सीएम यादव ने एमपी में निवेश के फायदों पर जोर देते हुए कहा कि एमपी में जमीन की कीमत दिल्ली की 1/40 और मुंबई की 1/100 है। इसलिए जो निवेश करना चाहते हैं, वे खुद भी जमीन खरीद सकते हैं, जैसे अवाडा ग्रुप ने जमीन खुद खरीदने का काम किया है। भारत तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है: यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परमात्मा मौका देता है और उसका उपयोग करने के लिए दायरे भी बनाता है। भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के चलते संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग-धंधों को बढ़ाकर ही भारत का भला हो सकता है। यह सोच प्रधानमंत्री की है। इसी सोच के साथ वे देश को लगातार आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। अवाडा ग्रुप करेगा 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश
कार्यक्रम में अवाडा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने 50 हजार करोड़ के निवेश की बात कही। उन्होंने कहा कि 2013 में अवाडा ने 150 मेगावाट का प्रोजेक्ट लगाया था। अब एमपी में 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने का फैसला किया है। सिंघानिया ग्रुप करेगा 1500 करोड़ रुपए का निवेश
कार्यक्रम की शुरुआत सीआईआई नॉर्दर्न रीजन के चेयरमैन माधवकृष्ण सिंघानिया के स्वागत संबोधन से हुई। सिंघानिया ने बताया कि 2016 में उन्होंने एमपी में निवेश की शुरुआत की थी और अब तीन हजार करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश की तैयारी है। सिंघानिया ने कहा कि एमपी में दो कोल ब्लॉक भी लिए गए हैं, जिनमें 1500 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। सिंघानिया ग्रुप एमपी में सीमेंट सेक्टर में नए निवेश करने जा रहा है। पन्ना में पहले से चल रहे प्रोजेक्ट में 1500 करोड़ रुपए का और निवेश किया जाएगा। इससे पहले भी एमपी में तीन हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जा चुका है। मुख्य सचिव बोले- 10 नई पॉलिसी और लाएंगे
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि एक महीने में 11 पॉलिसी को नए सिरे से अप्रूव किया गया है। एमपी की मदर पॉलिसी ‘औद्योगिक निवेश संवर्धन नीति 2025’ है, जिसमें 11 अन्य पॉलिसी शामिल हैं। अब तक कुल 20 पॉलिसी को मंजूरी दी जा चुकी है। 8 से 10 नई पॉलिसी और लाएंगे। निवेश का यही समय है, सही समय है: राघवेंद्र सिंह
औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि एमपी विश्व की सबसे तेज बढ़ती इकोनॉमी वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा, “यही समय है, सही समय है। एमपी में निवेश करने के लिए सबको आना चाहिए।” उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन स्थल मानव संग्रहालय की खूबियों के बारे में बताया और कहा कि जब निवेशक वहां पहुंचेंगे, तो उसकी लोकेशन देखकर दंग रह जाएंगे। कर्टेन रेजर कार्यक्रम के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए ब्लॉग से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *