पंजाब के लुधियाना में एक ट्यूशन सेंटर संचालिका के साथ बदसलूकी, मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सेंटर में पढ़ने वाले एक छात्र और उसके परिजनों ने मिलकर हमला किया। घटना की CCTV वीडियो भी सामने आई है, जिसमें आरोपी टीचर के ऑफिस में घुसकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, करीब 50 से ज्यादा लोगों ने टीचर, उसके पति और स्टाफ को घंटों तक ट्यूशन सेंटर में बंधक बनाए रखा। थाना पीएयू पुलिस ने आरोपी छात्र और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। टेबल पर चढ़कर पेट में मारी टांगें
CCTV फुटेज में आरोपी छात्र की मां, बहनें, पिता और अन्य सहयोगी टीचर के दफ्तर में घुसकर उसे धमकाते और पीटते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग टेबल पर चढ़कर टीचर के पेट में टांगें मारते नजर आए, जबकि उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। टीचर के पति ने मिन्नतें कर किसी तरह पत्नी और स्टाफ को बचाया। छात्र को गलत हरकतों से रोका, भड़के परिजन
पीड़िता सोनिया ने बताया कि वह अपने पति सचिन अरोड़ा और बहन ज्योति प्रीत राय के साथ एबिस मार्केट की दूसरी मंजिल पर स्थित ‘विद्या विंग एसएसएफ’ नाम से ट्यूशन सेंटर चलाती है। छुट्टी के समय वह नीचे खड़ी होकर बच्चों को सुरक्षित घर भेजती है। 3 फरवरी को सेंटर से पढ़ चुका एक पुराना छात्र नीचे खड़ा होकर लड़कों को वीडियो दिखाकर हंस रहा था और लड़कियों की ओर गलत इशारे कर रहा था। सोनिया ने उसे घर जाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। इससे नाराज होकर वह चला गया और कुछ ही देर में अपने परिजनों के साथ वापस पहुंचा। तीन घंटे तक बनाया बंधक, DVR लूटने की कोशिश
सोनिया का आरोप है कि छात्र के परिजनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर हमला कर दिया। एक लड़की टेबल पर चढ़कर मारपीट करने लगी। करीब तीन घंटे तक आरोपी लोगों को बुलाते रहे और सभी को इंस्टीट्यूट में बंधक बनाए रखा। DVR तक लूटने की कोशिश की गई। पति ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान
सोनिया के पति सचिन अरोड़ा ने बताया कि पत्नी की चीखें सुनकर वह उसके ऑफिस से दौड़कर पहुंचे तो देखा कि उसे जमीन पर गिराकर पीटा जा रहा था। उन्होंने पत्नी को अपने पीछे खड़ा कर बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार उस पर हाथ उठाने का प्रयास करते रहे। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकियां भी दीं। छात्र ने यहां तक कहा कि उसके चाचा ने चार हत्याएं की हैं और वह भी आने वाले हैं। पुलिस ने केस दर्ज किया, गिरफ्तारी बाकी
थाना पीएयू पुलिस ने इस मामले में आरोपी छात्र अमन धीर, रीतिका धीर, अमित धीर, मुस्कान धीर, काहन की बड़ी बहन और गौरव जैन को नामजद किया है। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। शिक्षिका का कहना है कि जब पढ़ाने की जगह ही सुरक्षित नहीं होगी तो बच्चों को कैसे पढ़ाया जाएगा।


