धौलपुर| पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में जिले में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, एफआईआर की स्थिति, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों की गहन समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने थाना-वार लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरण,दुष्कर्म के दो माह से लंबित मामले,एससी/एसटी, पॉक्सो, लोकसेवकों पर हमले, हत्या, डकैती, लूट एवं दुष्कर्म के अनट्रेस मामलों का त्वरित खुलासा सुनिश्चित किया जाए। ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसपी ने इसे और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों पर सख्त निगरानी रखने, नए हिस्ट्रीशीटरों की पहचान कर नई हिस्ट्रीशीट खोलने तथा चोरी व नकबजनी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की रोकथाम,यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश भी दिए गए। बीट क्षेत्रों में निरंतर गश्त,मालखानों में माल का व्यवस्थित रख-रखाव और लंबित माल के शीघ्र निस्तारण को भी प्राथमिकता देने को कहा गया। एसपी ने थानों में लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण, थाना भवनों व स्वागत कक्षों में स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव और आमजन से शालीन व संवेदनशील व्यवहार के निर्देश दिए। नवंबर 2023 से पहले जिले में 215 आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट पत्रावलियां खुली हुई थीं। नवंबर माह में 24 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब जिले में कुल 239 हिस्ट्रीशीटर हैं जिन पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़, शिकाऊ प्रकोष्ठ प्रभारी हवा सिंह, हीनियस क्राइम मॉनिटरिंग यूनिट के गिर्राज मीणा सहित सभी वृताधिकारी और जिले के समस्त थानाधिकारी मौजूद रहे।


