भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में साइकिलिंग का क्रेज आज भी युवाओं में देखने को मिल रहा है। खासकर वे युवा, जो इस खेल को जुनून और जोश के साथ अपनाए हुए हैं। इसी कड़ी में संडे राइडर ग्रुप द्वारा आयोजित लुधियाना-अमृतसर साइकिल रेस में 67 युवाओं ने भाग लिया। रेस की शुरुआत सुबह 6 बजे मॉडल टाउन से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को 160 किलोमीटर की दूरी मात्र 7 घंटे में पूरी करनी थी। इस रोमांचक रेस में सबसे कम उम्र के साइकिलिस्ट 16 वर्षीय ध्रुव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को पीछे छोड़ दिया। धुर्वे, जो कि पीएयू स्थित सरकारी स्कूल के छात्र हैं, ने मात्र 7 घंटे में 160 किलोमीटर की दूरी तय कर यह साबित कर दिया कि साइकिलिंग के प्रति उनका जुनून और मेहनत किसी से कम नहीं है। उनकी इस सफलता ने अन्य राइडरों को भी प्रेरित किया। इस प्रतियोगिता में 20 से 40 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल थे, लेकिन धुर्वे ने अपनी लगन और समर्पण से सबसे आगे रहते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। ध्रुव का कहना है कि साइकिलिंग उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा है और वह इससे कभी दूर नहीं होना चाहते। इससे पहले भी उन्होंने फतेहगढ़ साहिब, रायकोट, और होशियारपुर तक अकेले साइकिल यात्रा की है। उनका सपना है कि वह पूरे पंजाब की साइकिल यात्रा करें और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लें। हालांकि, उनके पास अभी सिर्फ एक साधारण साइकिल है, लेकिन वह चाहते हैं कि भविष्य में मेरिडा कंपनी की एक हाई-परफॉर्मेंस साइकिल खरीदें। ध्रुव की मां, जो अपने दोनों बेटों को पढ़ा रही हैं, उनके लिए महंगी साइकिल खरीदना आसान नहीं है। बावजूद इसके, ध्रुव ने सीमित संसाधनों में अपनी कड़ी मेहनत और जुनून से खुद को साबित किया है। उनका कहना है कि जब उनके पास बेहतर संसाधन होंगे, तो वह और भी लंबी साइकिल यात्राओं के लिए तैयार होंगे। साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए गुरबकश सिंह द्वारा स्थापित संडे राइडर ग्रुप हर संडे को नया रूट चैलेंज रखता है। धुर्वे हर बार इसमें भाग लेकर अपनी सीमाओं को चुनौती देते हैं। गुरबकश सिंह का कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को साइकिलिंग के माध्यम से फिट और हेल्दी रखने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाना है।


