दैनिक भास्कर वार्ड टॉक- पार्षद निशा देवलिया से सीधी बात:बोलीं- हेल्पलाइन पर दूर करते हैं शिकायतें, ड्रेनेज-पानी की समस्या करेंगे दूर

इंदौर के हर वार्ड में क्या सच में विकास हो रहा है और जनता उसे कैसे देखती है इसी का जवाब तलाशने के लिए दैनिक भास्कर ने खास सीरीज ‘वार्ड टॉक’ शुरू की है। इसमें हम पार्षदों के दावों के साथ जनता की राय, अधूरे काम और आगे की जरूरतों को सामने रखेंगे। आज के एपिसोड में हम वार्ड 44 पहुंचे हैं, जहां से निशा रूपेश देवलिया पार्षद हैं। यहां कौन-से काम पूरे हुए, कौन-से बाकी हैं? जनता 10 में से कितने नंबर देती है। ‘आज का पार्षद’ में देखिए काम का पूरा हिसाब। सवाल: आपके वार्ड का कौन-सा काम अधूरा है और क्यों?
जवाब: वार्ड में कुछ जगहों पर पानी की समस्या है। इसके अलावा ड्रेनेज का जो 10 प्रतिशत काम बाकी है, उसका भी निराकरण किया जाना है। यह काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पानी और ड्रेनेज की समस्या समाप्त हो जाएगी। सवाल: आपके वार्ड में जनता की सबसे आम शिकायत कौन-सी आती है?
जवाब: जनता की आम शिकायतों की बात करें तो राशन, पेंशन, ड्रेनेज और पानी से जुड़ी समस्याएं आती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मॉनिटरिंग की जाती है। जो काम संबंधित विभाग या व्यक्ति को दिया जाता है, वह पूरा हुआ है या नहीं, इस पर पूरी नजर रखी जाती है, ताकि लोगों की समस्याएं दूर हो सकें। सवाल:ऐसा कौन-सा प्रयोग आपने किया और उससे बदलाव देखने को मिला हो?
जवाब: हमने यहां पार्षद हेल्पलाइन शुरू की है। लोगों की समस्याओं का निराकरण हुआ या नहीं, इसका पूरा फीडबैक लिया जाता है। ऑफिस में आने वाली शिकायतों पर काम हुआ है या नहीं, इसे वार्ड में जाकर स्वयं जांचा जाता है। लोगों से सीधे बातचीत की जाती है, जिससे जनता से निरंतर संपर्क बना रहता है। लोग खुलकर अपनी समस्याएं बता पाते हैं और आपसी संवाद से समाधान जल्दी हो पाता है। सवाल: आपके यहां पानी की शिकायत आई है क्या?
जवाब: हमारे वार्ड में कुछ ही जगहें ऐसी हैं, जहां पानी कम आने की समस्या है। जहां पानी कम आ रहा है, वहां नई लाइन डालने का काम कराया जा रहा है। कुछ जगहों पर गंदे पानी की समस्या भी आती है, जिसे जांच कर ठीक कराया जाता है। ड्रेनेज की सफाई कराने से गंदे पानी की समस्या भी दूर हो जाती है। सवाल: अगले 6 महीने का रोडमैप क्या है?
जवाब: पार्षद निशा रूपेश देवलिया ने बताया कि आगामी 6 महीनों में वे वार्ड में ड्रेनेज और पानी की समस्या को पूरी तरह दूर करने का प्रयास करेंगी, ताकि वार्ड से ये समस्याएं हमेशा के लिए खत्म हो जाएं और लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *