सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में AAP नेता की हत्या:AAP सरकार के 4 साल में 10 बड़े हत्याकांड, पुलिस सिक्योरिटी में हुए 3 कत्ल

जालंधर में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गुरुद्वारे के बाहर सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। शूटर स्कूटी पर आए और थार गाड़ी में बैठे ओबरॉय को गोलियों से भून दिया। इस वारदात का स्टाइल मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से मिलता-जुलता है। मूसेवाला की भी शूटर्स ने उनकी थार गाड़ी में ही हत्या की थी। पंजाब में मार्च-2022 में सत्ता संभालने वाली AAP के शासन में सरेआम गोलियां मारकर कत्ल करने के यह सिर्फ 2 मामले नहीं हैं बल्कि इसी स्टाइल में कबड्‌डी खिलाड़ियों से लेकर RSS नेता और AAP के ही सरपंच समेत 20 से ज्यादा कत्ल हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने सत्ता संभालने से पहले पंजाब से गैंगस्टर-राज खत्म करने का वादा किया था। विपक्ष हर बार सरकार को खराब लॉ एंड ऑर्डर पर घेरता है तो सरकार कत्ल के बाद आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा कर अपना पिंड छुड़ा लेती है। पंजाब में AAP के सत्ता संभालने के बाद हुए टॉप 10 हाईप्रोफाइल हत्याकांडों के बारे में जानने के लिए पूरी रिपोर्ट पढ़ें…
1. इंटरनेशनल कबड्‌डी प्लेयर की टूर्नामेंट में हत्या
10 मार्च को पंजाब में AAP की सरकार बनी। 117 में से AAP ने 92 सीटें जीत लीं। अभी CM भगंवत मान की शपथ भी नहीं हुई थी कि 14 मार्च को जालंधर में इंटरनेशनल कबड्‌डी प्लेयर संदीप नंगल अंबिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेखौफ कातिल सीधे कबड्‌डी टूर्नामेंट में घुस गए और अंबियां पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने जांच के बाद इसे गैंगस्टरों की रंजिश और कबड्‌डी टूर्नामेंट कराने के लिए कब्जे की लड़ाई से जोड़ा। इसके बाद उनकी पत्नी रूपिंदर कौर हाथ जोड़कर इंसाफ मांगती रह गई। 2. सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी हटते ही कत्ल हुआ
पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे अपनी थार जीप से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उनका पीछा कर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। उन पर करीब 30 राउंड फायर किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या से एक दिन पहले उनकी सुरक्षा घटाई गई थी, जिस पर भी काफी विवाद हुआ। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली, जिसे मोहाली के अकाली नेता विक्की मिड्‌डूखेड़ा की मौत का बदला बताया गया। इस केस में AAP सरकार अभी तक घिरी हुई है कि थ्रेट के बावजूद मूसेवाला की सिक्योरिटी क्यों घटाई गई और उसे सार्वजनिक क्यों किया गया। हालांकि कत्ल के दिन मूसेवाला गनमैन साथ लेकर नहीं गए थे। 3. पुलिस सिक्योरिटी में ही हिंदू नेता सूरी की हत्या
अमृतसर में हिंदू नेता सुधीर सूरी की 4 नवंबर 2022 को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे एक मंदिर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी हमलावर ने भीड़ के बीच से उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया और हथियार बरामद किया। शुरुआती जांच में आरोपी के कट्टरपंथी विचारों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की गई। सूरी को सरकार की तरफ से वाई श्रेणी की सिक्योरिटी दी गई थी। हत्या के समय भी उनकी सिक्योरिटी साथ में थी। इसको लेकर भी सवाल उठे कि ऐसी सिक्योरिटी किस काम की, जो सूरी को कत्ल होने से नहीं बचा सके। 4. डेरा प्रेमी की पुलिस सिक्योरिटी में हत्या
10 नवंबर 2022 को पंजाब में श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले में नामजद आरोपी डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। फरीदकोट में प्रदीप सिंह जब अपनी दुकान खोल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकलों पर सवार 5 लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रदीप को कई गोलियां लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी हत्या के वक्त भी गनमैन घायल था। वह प्रदीप को बचाना तो दूर, खुद भी घायल हो गया। बाद में इस कत्ल की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। 5. गैंगस्टर की मां को भी नहीं बख्शा
26 जून 2025 को गुरदासपुर के बटाला में कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और उनके चचेरे भाई करणवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रात करीब 9 बजे गैंगस्टर की मां हरजीत कौर (52) और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह (29) घर के बाहर गाड़ी में मौजूद थे। उसी वक्त बाइक पर आए 2 हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। लॉरेंस के विरोधी बंबीहा गैंग से जुड़े 3 गैंगस्टरों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली है। इनमें 2 गैंगस्टर प्रभू दासुवाल और कौशल चौधरी का नाम सामने आया था। 6. शोरूम मालिक संजय वर्मा को गाड़ी से उतरते ही मारीं गोलियां
7 जुलाई 2025 को अबोहर में ‘न्यू वीयर वेल जेंट्स टेलर’ शोरूम के मालिक संजय वर्मा की भगत सिंह चौक के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजय जैसे ही अपने शोरूम के पास अपनी कार से उतरे, मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उनके करीब पहुंचकर उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। संजय वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि टेलर को फिरौती के लिए मारा गया था। संजय वर्मा की टेलर शॉप में पंजाब के कई बड़े नेताओं के कपड़े सिले जाते हैं। 7. RSS नेता के बेटे की हत्या
15 नवंबर 2025 को फिरोजपुर में RSS नेता बालदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा को 2 हमलावरों ने गोली मार दी। घटना दिनदहाड़े हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे और मौका मिलते ही नवीन अरोड़ा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल नवीन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला गैंगस्टर नेटवर्क और टारगेट किलिंग से जुड़ा बताया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में दबोच लिया था। 8. शादी के 10 दिन बाद कबड्‌डी प्लेयर की हत्या
15 दिसंबर 2025 को मोहाली में कबड्‌डी कप के दौरान कबड्‌डी प्लेयर राणा बलाचौरियां की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त कबड्‌डी का टूर्नामेंट चल रहा था। आरोपी भरी भीड़ में सेल्फी लेने के बहाने बलाचौरिया के नजदीक आए और पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोलियां मारकर कत्ल करने के बाद फरार हो गए। बलाचौरिया के सिर पर गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। उनकी 10 दिन पहले शादी हुई थी। यह मामला इतना बड़ा बना कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लेते हुए DGP गौरव यादव को तलब किया। फिर पुलिस को जमकर फटकार भी लगाई। हैरानी की बात थी कि यहां भी पुलिस की तैनाती की गई थी लेकिन मौके पर कातिल नहीं पकड़े जा सके। 9. शादी समारोह में सरपंच के सिर पर मारी थी गोली
4-5 जनवरी 2026 को अमृतसर के मैरिगोल्ड रिजॉर्ट में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की हत्या कर दी गई। वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान 2 बदमाश पैलेस में आए और बिल्कुल नजदीक आकर पॉइंट ब्लैंक से उनके सिर में गोली मार दी। उस वक्त सरपंच खाना खा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में पंजाब और छत्तीसगढ़ से हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि जांच में पता चला कि उन्हें भी धमकी मिली हुई थी और इस वजह से पुलिस की सिक्योरिटी भी थी। 10. हाईकोर्ट की चलती सुनवाई में SSP ऑफिस के बाहर हत्या
28 जनवरी 2026 को मोहाली के SSP ऑफिस के बाहर ड्रग्स केस में पेशी भुगतने आए उत्तराखंड के गुरविदंर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस वक्त कत्ल हुआ, उसके साथ उसकी पत्नी भी थी। बाइक पर आए 2 हमलावरों ने युवक पर 11 गोलियां चलाई थीं। कत्ल के बाद गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि मरने वाला युवक उसके भाई गुरलाल बराड़ के मर्डर केस में नामजद था। उसकी हत्या कर हमने बदला लिया है। पुलिस ने गैंगस्टर पर केस दर्ज किया। इसमें रोचक बात यह है कि जिस वक्त कत्ल हुआ, हाईकोर्ट में राणा बलाचौरिया मर्डर केस में सुनवाई चल रही थी और DGP गौरव यादव खुद पेश हो रखे थे। हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी की थी कि SSP ऑफिस ही सुरक्षित नहीं है। ****************
ये खबर भी पढ़ें… पंजाब में AAP नेता की गोली मारकर हत्या:सिर-सीने पर 6 गोलियां मारीं; जालंधर के गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे, टारगेट किलिंग का शक पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे 52 साल के थे। स्कूटी पर आए हमलावरों ने उन्हें 6 गोलियां मारीं। 5 सीने में और एक गोली सिर पर लगी (पढ़ें पूरी खबर) AAP नेता लक्की की 9 मिनट में हत्या:परफेक्ट प्लानिंग, टारगेट का वेट, दोनों हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग; मर्डर की मिनट टु मिनट डिटेल जालंधर में गुरुद्वारा मॉडल टाउन के बाहर आप नेता लक्की ओबरॉय की हमलावर ने लगभग 9 मिनट में ही हत्या कर दी। हमलावर युवक स्कूल पर 6 बजकर 27 मिनट 14 सेकेंड पर आए और गोलियां मारकर 7 बजकर 36 मिनट पर निकल गए। CCTV फुटेज में सारा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। (पढ़ें पूरी खबर) मारे गए AAP नेता ने 11 दिन पहले मनाया बर्थ-डे, लक्की को आज धार्मिक यात्रा पर रवाना करनी थीं 2 बसें, आधे घंटे पहले मर्डर पंजाब के जालंधर में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय ने 11 दिन पहले ही अपना बर्थडे मनाया था। इस मौके पर मॉडल टाउन की शॉपकीपर एसोसिएशन ने केक काटकर उन्हें बधाई दी थी और उनकी 100 साल उम्र की कामना की थी। लक्की ने कार्यक्रम से जुड़े फोटो और वीडियो अपने फेसबुक पर शेयर किए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *