राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केशकाल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम साय ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और वर्तमान स्थिति का गहन अवलोकन किया। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर और अन्य राज्यों से जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कलेक्टर को केशकाल नगर सहित केशकाल बायपास के निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। “मोर सुआद दीदी की रसोई” का किया अवलोकन निरीक्षण के बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री साय कोंडागांव पहुंचे। यहां उन्होंने बिहान योजना के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं की ओर से संचालित “मोर सुआद दीदी की रसोई” का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से राज्यपाल और मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्थानीय पारंपरिक व्यंजन फरा और अंगाकर रोटी का स्वाद चखा। मुख्यमंत्रीने समूह की महिलाओं से उनकी आय, कार्यप्रणाली और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को निर्देश दिए कि स्व सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रोत्साहन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करती है।


