धनबाद में PNB का लोन रिकवरी एजेंट लापता:घर पर बोल कर निकले- वापसी में लेट होगी, उन्हीं के मोबाइल से मांगे 15 लाख रुपए

धनबाद के बाबूडीह खटाल निवासी और पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले अमित कुमार के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। अमित शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें दूर जाना है और लौटने में देर हो सकती है। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। लगातार संपर्क नहीं हो पाने पर परिवार को अनहोनी की आशंका होने लगी। अमित के मोबाइल से आई फिरौती की कॉल परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद अमित के ही मोबाइल फोन से एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि अमित उसके पास हैं। उसने 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। रकम नहीं देने पर अमित को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। इसके बाद परिवार पूरी तरह घबरा गया और तत्काल मामले की सूचना धनबाद पुलिस को दी। परिजनों का कहना है कि अमित का किसी से व्यक्तिगत विवाद नहीं था, लेकिन लोन रिकवरी के काम के दौरान वह कई लोगों के संपर्क में रहता था। मोबाइल लोकेशन से जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सबसे पहले अमित के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर मोबाइल की लोकेशन गोविंदपुर ऊपर बाजार में मिली। इसके बाद सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सिटी के पास कई घंटों तक फोन सक्रिय रहा। बाद में पुलिस को यह जानकारी मिली कि अमित का मोबाइल फोन डांगी मोड़ के पास फेंक दिया गया है। मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। एक संदिग्ध हिरासत में, हर एंगल से छानबीन थानेदार मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सूर्य हाइलैंड सिटी पहुंची और वहां गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान विकास खंडेलवाल नामक एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि विकास पर करीब एक करोड़ रुपए का लोन है। अमित कुमार से उसका लोन सेटलमेंट को लेकर बातचीत चल रही थी। फिलहाल पुलिस विकास खंडेलवाल से गहन पूछताछ कर रही है। पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इधर, अमित के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी सकुशल बरामदगी की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *